नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने आज पीएम मोदी द्वारा कोविड-19 टीका लगवाने के लिए आभार व्यक्त किया है. उन्होंने देशवासियों से कोरोना वैक्सीन लगवाने की अपील की है. केंद्रीय मंत्री ने कहा, “मोदी जी ने आज वैक्सीन ले लिया है, पूरे देश को उन्होंने आदर्श दे दिया है कि जीना है तो वैक्सीन लेना चाहिए. मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं.”

रामदास अठावले ने कहा कि मैं सभी लोगों से अपील करता हूं की अपने जीवन को बचाने के लिए और कोरोना को नचाने के लिए वैक्सीन लेना बहुत जरूरी है.

बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली और उन सभी लोगों से टीका लगवाने की अपील की, जो दूसरे चरण के टीकाकरण अभियान के तहत इसकी पात्रता रखते हैं. सूत्रों के मुताबिक, पुडुचेरी की रहने वाली नर्स पी निवेदा ने मोदी को भारत बायोटेक के कोवैक्सीन टीके की पहली खुराक लगाई.

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने एम्स में कोविड-19 टीके की पहली खुराक ली. कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में हमारे डॉक्टरों और वैज्ञानिकों ने बहुत कम समय में असाधारण काम किया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों से कोरोना वायरस का टीका लगवाने की अपील करता हूं, जो इसके पात्र हैं. आइए, हम सब मिलकर भारत को कोविड-19 से मुक्त बनाएं.’’

दूसरे चरण के टीकाकरण अभियान के तहत, एक मार्च से वरिष्‍ठ नागरिकों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीका लगाया जाएगा.

यह भी पढ़ें:

प्रियंका गांधी बोलीं- BJP देश भर में CAA लागू करने की बात करती है लेकिन असम में इस पर चुप्पी साध लेती है