नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्वी लद्दाख के साथ सीमा विवाद के बीच चीन को परोक्ष रूप से संदेश देते हुए कहा कि अगर कोई शत्रु देश भारत पर हमला करता है तो हमारा देश मुंहतोड़ जवाब देगा. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सशस्त्र बलों को दिये संदेश में उन्होंने कहा कि भारत दिलों को जीतने में भरोसा करता है, जमीन जतीने में नहीं.
रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि हम अपने स्वाभिमान की भावना को आहत होने देंगे.’’ उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भारत जो भी करता है, वह हमेशा आत्म-रक्षा के लिए करता है, ना कि अन्य देशों पर हमले के लिए.
इतिहास गवाह है भारत ने कभी किसी पर हमला नहीं किया- राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘अगर दुश्मन देश हम पर हमला करता है तो हम हर बार की तरह मुंहतोड़ जवाब देंगे.’’ उन्होंने कहा, ‘‘इतिहास इस बात का गवाह है कि भारत ने कभी किसी पर हमला नहीं किया या कभी किसी अन्य देश की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश नहीं की.’’ रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों को यह भरोसा भी दिलाया कि सरकार वो सबकुछ कर रही है जो उसकी अभियान संबंधी जरूरतों को बनाये रखने के लिए आवश्यक है.
भारत में राफेल हमारे सैन्य इतिहास का नया युग
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आपको याद होगा लम्बे समय से भारतीय वायुसेना में नए आधुनिक लडाकू विमानों की कमी महसूस की जा रही थी. हमारी सरकार आते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के साथ गवर्नमेंट टू गवर्नमेंट अग्रीमेंट कर 36 राफेल यथाशीघ्र मंगाने का काम शुरू किया. खुशी की बात यह है कि राफेल के खेप आने शुरू हो गए हैं. दो सप्ताह पहले पांच राफेल विमान अम्बाला एयर बेस पर पहुंचे. बाकी के भी शीघ्र ही आने वाले हैं. भारत में राफेल लड़ाकू विमान का टच डाउन हमारे सैन्य इतिहास में एक नए युग की शुरुआत है.
