जयपुर: राजस्थान के चंबल नदी में हुए नाव हादसे में अब तक 19 लोगों को रेस्क्यू किया गया है. इसके अलावा 11 लाश बरामद की गई है. तीन लोग अभी भी लापता है. एनडीआरएफ की टीम ने ये जानकारी देते हुए कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है.

कोटा के इटावा के एसडीएम रामावतार बरनाला ने बताया था कि करीब 45 श्रद्धालुओं को ले जा रही एक नाव चंबल नदी में पलट गई. उधर राज्य के सीएम अशोक गहलोत ने मृतक के परीजनों के लिए एक लाख रुपये के मुआवजे का एलान किया.

मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा, “कोटा में थाना खातोली क्षेत्र में चम्बल ढिबरी के पास नाव पलट जाने की घटना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है. हादसे का शिकार हुए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.”

इसके साथ ही उन्होंने कहा, “कोटा प्रशासन से बात कर घटना की जानकारी ली है. तत्परता से राहत एवं बचाव के साथ ही लापता लोगों को शीघ्र ढूंढने के निर्देश दिए हैं. स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद है. प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से मदद के लिए निर्देश दिए हैं.

पीएम मोदी ने भी जताया शोक

पीएम मोदी ने इस घटना पर शोक जताते हुए कहा, “राजस्थान के कोटा में एक नाव पलटने की घटना से दुखी हूं. मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने करीबियों और प्रियजनों को खो दिया.”

वहीं राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने ट्वीट करते हुए कहा, “कोटा जिले में चम्बल नदी में एक नाव डूबने से हुए हादसे में कई लोगों के नदी में डूबने की खबर दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है. मैं ईश्वर से पीड़ितों की सलामती एवं सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं.”

लद्दाख में लंबे मोर्चे ही नहीं सर्दियों के युद्ध के लिए भी है भारत की तैयारी