हरियाणा: फरीदाबाद में बहुचचर्ति जुनैद हत्याकांड में जीआरपी ने मुख्य आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. आरोपी की पहचान अभी तक गुप्त रखी गई है. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जीआरपी पुलिस ने एक प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि जुनैद हत्याकांड का मुख्य आरोपी साकरी महाराष्ट्र के जिला धुले में छुपा हुआ है. खबर मिलते ही जीआरपी पुलिस की एक विशेष टीम महाराष्ट्र रवाना हो गई और उसे धर दबोच लिया.
पुलिस टीम पकड़े गए आरोपी को कल अदालत में पेश करेगी. मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जहां पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं जुनैद के गांव में भी इस बात की सूचना मिलते ही लोगों में एक संतुष्टी नजर आई.
क्या है पूरा मामला ? गौरतलब है कि गांव खंदावली निवासी 16 वर्षीय जुनैद की ईएमयू रेल में सीट को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना में जुनैद के दो भाई भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बकायदा इनाम की भी घोषणा की थी. फिलहाल जीआरपी पुलिस टीम के फरीदाबाद लौटने के बाद ही पूरी जानकारी हासिल हो पाएगी.
यहां देखें वीडियो
