जयपुरः राजस्थान का किला फतह करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 11 अगस्त को जयपुर में बिगुल फूंकेंगे. इसकी शुरुआत जयपुर में प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन से होगी. राहुल गांधी के घर हुई बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अगस्त के अंत में राहुल दुबारा राजस्थान जा सकते हैं. उन्होंने ये भी बताया कि सितम्बर और अक्टूबर के दौरान राहुल गांधी राजस्थान में जमकर प्रचार करेंगे. पार्टी ने एकबार फिर साफ किया चुनाव से पहले मुख्यमंत्री का एलान नहीं होगा. बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होने के लिए अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट राजस्थान के साथ राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एकसाथ चहलकदमी करते हुए पहुंचे. इसके जरिए कांग्रेस ने नेतृत्व की एकजुटता की तस्वीर पेश करने की कोशिश की. ये अहम इसलिए है क्योंकि पिछले दिनों नेताओं की बयानबाजी के कारण राजस्थान कांग्रेस की गुटबाजी खुल कर सामने आ गई थी. मुख्यमंत्री के सवाल पर अविनाश पांडे ने फिर दोहराया कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ती है. चुने हुए प्रतिनिधि की राय के मुताबिक आलाकमान फैसला करता है. बयानबाजी पर पांडे ने कहा कि पार्टी के नेता आंतरिक फोरम पर अपनी बात रख सकते हैं. फिलहाल कार्रवाई जैसी कोई बयानबाजी किसी नेता की तरफ से नहीं कि गई है. राजस्थान में सभी नेता एकजुट होकर राहुल गांधी के कंधे को मजबूत करने का काम कर रहे हैं. हालांकि पांडे ने ये चेतावनी भी दी कि पार्टी के खिलाफ बयान देने वाले नेता पर कार्रवाई की जाएगी. आपको बता दें कि 10 अगस्त को राहुल एक अन्य चुनावी राज्य छतीसगढ़ में होंगे.