नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नोटबंदी के सवाल पर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार से कई तीखे सवाल पूछे हैं. राहुल ने पीएम मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि 50 परिवारों के फायदे के लिए नोटबंदी का यज्ञ किया गया है. राहुल ने कहा कि इस यक्ष में मोदी जी ने गरीबों और मजदूरों की बलि दी है.

 

राहुल गांधी ने मोदी सरकार से नोटबंदी की वजह से जान गंवाने वाले लोगों के पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है. राहुल ने कहा, "8 नवंबर को पीएम मोदी ने कहा था कि वो कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ यज्ञ कर रहे हैं. हालांकि, ये यज्ञ एक फीसदी धन्नासेठों के लिए था. ये आम लोग हैं जिनकी बलि मोदी के इस यज्ञ में चढ़ गई."

राहुल ने बैंक से हर हफ्ते 24 हजार रुपए निकालने की लिमिट को बढ़ाने की मांग भी की है. उन्होंने कहा कि नोटबंदी से किसानों को जबरदस्त चोट लगी है, इसलिए सरकार उनका कर्ज भी माफ करे. इसके अलावा उन्होंने किसानों, गरीबों, मजदूरों को कई तरह की रियायतें देने की मांग की भी की है.

इसके अलावा राहुल ने किसानों को उनके उत्पादों पर मिलने वाले मौजूदा मिनिमम सपोर्ट प्राइस में 30 प्रतिशत इजाफे की मांग भी की है. राहुल  ने यह भी मांग की कि बीपीएल महिलाओं को 25 हजार रुपये दिए जाए. उन्होंने नोटबंदी की वजह से संकट में आए दिहाड़ी मजदूरों को राहत देने की मांग करते हुए कहा कि दिहाड़ी मजदूरी को दोगुनी की जाए.

राहुल ने पीएम मोदी से कई सवाल किए हैं. 

  • 8 नवंबर को नोटबंदी लागू करने के फैसले के बाद अबतक कितना कालाधन देश में पकड़ा गया है ?
  • पीएम मोदी को बताना चाहिए कि नोटबंदी की वजह से अभी तक कितने लोगों की जान गई है?
  • नोटबंदी के फैसले से देश की अर्थव्यवस्था को कितना नुकसान हुआ है?
  • राहुल ने पूछा ये भी पूछा है कि पीएम मोदी ने किसकी सलाह पर नोटबंदी का फैसला लिया था?
  • नोटबंदी की वजह से जान गंवाने वालों के परिजनों को मुआवजा दिया गया या नहीं?
  • उन लोगों की लिस्ट बताएं, जिन्होंने 8 नवंबर से 2 महीने पहले 25 लाख रुपए से ज्यादा बैंक में जमा कराए थे?
  • खातों से निकालने के लिए 24 हजार रुपए की लिमिट ही क्यों? इसे तुरंत बढ़ाया जाए.
  • स्विस सरकार ने पीएम को को स्विस बैंकों में अकाउंट रखने वालों की जो लिस्ट सौंपी है उसे लोकसभा या राज्यसभा में कब पेश किया जाएगा?