बेंगलुरू: कर्नाटक में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं और इसकी तैयारी अब से शुरू हो गई है. इसी कड़ी में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सूबे में पच्चीस रुपये में दिन-रात का भोजन देने वाली इंदिरा कैंटीन की शुरुआत की है.
राहुल ने बेंगलुरु के जयानगर में इंदिरा कैंटीन का उद्घाटन करते हुए कहा कि ''नाश्ता और दिन-रात का खाना खाने पर 25 रूपया खर्च होगा, जबकि सरकार 32 रूपये सब्सिडी देगी. कुल 198 कैंटीन खोले जाएंगे और पहले चरण में 101 कैंटीन खुलेंगे.''जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि ''इस तरह की कैंटीन का विचार कांग्रेस पार्टी का दिया हुआ है. कैंटीन की शुरुआत करने के लिए राहुल ने सीएम सिद्धारमैया की जमकर तारीफ की और कहा कि इससे सभी को भोजन मिलेगा.''
राहुल ने कहा, ''मैं सिद्धारमैया को धन्यवाद देना चाहता हूं कि उन्होंने कैंटीन को शुरू करने का ठाना, इस कैंटीन से अब बेंगलुरू शहर में कोई भूखा नहीं रह पाएगा.'' उन्होंने कहा कि इस कैंटीन का मकसद है कि कोई भी गरीब और अभावग्रस्त शख्स भूखा नहीं रह पाए. इस कैंटीन में 5 रुपये में नाश्ता और 10 रुपये में खाना दिया जाएगा.
सीएम सिद्धारमैया ने ट्विटर पर आज के दिन को भूख और कुपोषण के खिलाफ ऐतिहासिक कदम बताय. उन्होंने ट्वीट किया, ''आज का दिन ऐतिहासिक है. ये कदम भूख और कुपोषण के खिलाफ हमारी जंग है.''
