नई दिल्लीः पाकिस्तान के खिलाफ सेना के 'सर्जिकल स्ट्राइक' पर सियासी बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा के बयान के बहाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. पीएम मोदी को 'मिस्टर 36' से संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बात करनी चाहिए तो सच्चे सैनिक की तरह. पीएम मोदी सेना को अपनी संपत्ति समझते हैं और इसका प्रयोग उसी तरीके से करते हैं.

राहुल गांधी ने कहा, ''जनरल ने एक सच्चे सैनिक की तरह बात की है. भारत आप पर गर्व करता है. मिस्टर 36 को शर्म भी नहीं आती है कि सेना को वह अपनी संपत्ति की तरह प्रयोग में लाते हैं. सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक पूंजी की तरह समझते हैं और राफेल डील के सहारे अंबानी की रीयल संपत्ति को बढ़ाते हैं.''

लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा ने कहा था कि सर्जिकल स्ट्राइक की सफलता को लेकर शुरुआती खुशी स्वाभाविक है लेकिन सैन्य अभियानों का लगातार प्रचार करना ठीक नहीं है. अच्छा होता कि सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी गोपनीय रखी जाती.

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा ने कहा, ''मैं सेना की नजर से देखता हूं पूरे मामले को. सर्जिकल स्ट्राइक जरूरी था. उड़ी में हमारे कई जवान मारे गए ते, तो पाकिस्तान को कड़ा संदेश भेजना जरूरी था. अगर वह हमारी तरफ आकर किसी भी तरह की गतिविधि को अंजाम देते हैं तो हम भी उधर घुसकर कार्रवाई कर सकते हैं. मुझे लगता है कि इसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया. जिसकी जरूरत नहीं थी. थोड़ा राजनीतिक रंग ले लिया. सेना के ख्याल से लगता है कि यह काफी सफल ऑपरेशन था और हमें करने की जरूरत थी.''

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल के बयान को लेकर सेना प्रमुख ने कहा, ''यह निजी विचार हैं, इसलिए उन पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए. वह (हुड्डा) इस ऑपरेशन से जुड़े मुख्य व्यक्तियों में से एक थे, इसलिए मैं उनके शब्दों का काफी सम्मान करता हूं.''

लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) डीएस हुड्डा के बयान को लेकर उत्तरी कमांड के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल रनबीर सिंह ने कहा, ''सेना के पास जितने भी विकल्प थे, उनमें से सर्जिकल स्ट्राइक एक था. इस सर्जिकल स्ट्राइक का देश पर काफी पॉजीटिव असर पड़ा. काफी हद तक आतंकवाद का खात्मा करने के लिए सक्षम हो चुके हैं.''

हाल के विधानसभा चुनावों में सर्जिकल स्ट्राइक का जमकर प्रचार किया गया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर सेना का अपमान करती है तो वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर आरोप लगाया और कहा कि वह हार से बचने के लिए सैन्य अभियान का जिक्र रैलियों में करते हैं.

सर्जिकल स्ट्राइक करने वाली टीम में रहे रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा- इसे बढ़ा चढ़ाकर पेश करना ठीक नहीं