चंडीगढ़/ नई दिल्ली: पंजाब चुनाव नतीजों की समीक्षा करते हुए सूबे में आम आदमी पार्टी के संयोजक गुरप्रीत गुग्गी ने कहा कि पंजाब की सबसे युवा पार्टी आप है. उनका कहना है कि पहली ही कोशिश में अकाली बीजेपी को पछाड़कर आप सबसे बड़ा विपक्ष बना है.

गुरप्रीत गुग्गी ने कहा कि आम आदमी पार्टी गठबंधन के 22 सदस्य पंजाब विधानसभा में पहुंचे हैं.

विधानसभा में नेता विपक्ष का चयन करना आज की मीटिंग का मुद्दा था. अरविन्द केजरीवाल की अगुवाई में हुई बैठक में सर्वसम्मति से एचएस फुल्का को विपक्ष का नेता चुना गया. इसके साथ ही सुखपाल खैरा को चीफ व्हिप चुना गया.

इस मौके पर गुरप्रीत गुग्गी ने कहा, "संवैधानिक तौर पर हमारा पंजाब का संघर्ष अब शुरू हो रहा है."

दूसरी तरफ विपक्ष का नेता चुने जाने के बाद एच एस फुल्का ने कहा, "मेरे ऊपर भरोसा जताने के लिए पार्टी का बहुत शुक्रिया." उन्होंने आगे कहा, "कांग्रेस सरकार को गलत काम से रोकने के लिए, उनके वादों से मुकरने से रोकने का काम दिया गया."

फुल्का ने कहा, "चाहे हम बहुमत हासिल नहीं कर पाए, लेकिन सभी पार्टियों को जनता की ताकत और उनके महत्व को हमने इन सबको सीखा दिया है." उन्होंने दावा किया कि चुनाव के दौरान उनकी पार्टी ने किसी को शराब नहीं बांटी और न ही पैसे बांटे.

आपको बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को भारी जीत मिली है. आम आदमी पार्टी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी. पंजाब में कांग्रेस को 77, आप को 20 और बीजेपी-अकाली गठबंधन को 18 सीटें मिली हैं.