नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर हुए आतंकवादी हमला का कड़ा विरोध जताते हुए भारत ने पाकिस्तान के शीर्ष राजदूत सोहैल महमूद को तलब किया और सख्त आपत्तिपत्र (डिमार्शे) जारी किया है. इतना ही नहीं विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को भी कल बातचीत के लिए दिल्ली बुलाया है. इस हमले में अबतक 40 जवान शहीद हो चुके हैं.
जैश के खिलाफ कार्रवाई करे पाकिस्तान- भारत
सूत्रों के मुताबिक, विदेश सचिव विजय गोखलेने पाकिस्तान के उच्चायुक्त को आज दोपहर दो बजे विदेश मंत्रालय में तलब किया था और उन्हें बृहस्पतिवार को पुलवामा में आतंकी हमले पर सख्त आपत्तिपत्र जारी किया. विदेश सचिव ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को बताया कि पाकिस्तान जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ तत्काल और प्रमाणिक कार्रवाई करे.
आतंकवादी गतिविधि चलाने वाले संगठनों को रोके पाक- भारत
सूत्रों ने बताया है कि पाकिस्तानी उच्चायुक्त से कहा गया कि पाकिस्तान अपने क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधि चलाने वाले संगठनों और लोगों को तत्काल रोके. विदेश सचिव ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से दिए गए बयान को खारिज कर दिया.
पाकिस्तान अब 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' नहीं
वहीं, भारत ने पाकिस्तान को दिया गया सर्वाधिक तरजीही राष्ट्र (मोस्ट फेवर्ड नेशन) का दर्जा वापस ले लिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुई सुरक्षा पर कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) की बैठक में यह फैसला लिया गया है. बैठक के बाद केंद्रीय वित्त मंत्री जेटली ने बताया, "पाकिस्तान को दिया गया मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस ले लिया गया है."
जेटली ने कहा, "विदेश मंत्रालय सभी संभावित कदम उठाना शुरू करेगा और मैं उन सभी कूटनीतिक कदमों का उल्लेख कर रहा हूं, जिन्हें पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से पूरी तरह से अलग-थलग करना सुनिश्चित करने के लिए लिया जाना है. भयावह आतंकवादी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के पुख्ता सबूत उपलब्ध हैं."
यह भी पढ़ें-
Pulawama Attack: न गुनहगार बचेंगे न उनके मददगार, सुरक्षाबलों को खुली छूट- पीएम मोदी
Pulwama Attack: राहुल गांधी ने कहा- हम सरकार के साथ खड़े हैं, कोई भी इस देश को तोड़ नहीं सकता
पुलवामा ही नहीं संसद, उरी और पठानकोट आतंकी हमलों का जिम्मेदार है जैश ए मोहम्मद
37 जवानों की शहादत: इस ग़म और ग़ुस्से की घड़ी में भारत के साथ खड़ा है पूरा विश्व
वीडियो देखें-
