पुलवामाजम्मू कश्मीर के पुलवामा में बड़ा आतंकी हमला हुआ है. इस हमले में जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के तीन जवान शहीद हो गए हैं.  एक आतंकी के भी मारे जाने की खबर है. ये हमला पुलवामा के डिस्ट्रिक्ट पुलिस लाइंस में हुआ है. यहां दो  से तीन आतंकी पुलिस लाइंस में ही मौजूद रिहायशी बिल्डिंग में घुसे हुए हैं. इस हमले में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) सहित जम्मू कश्मीर पुलिस के सात सुरक्षाकर्मी भी घायल हैं. फिलहाल सुरक्षाकर्मियों ने इलाके में मौजूद सभी 32 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. आतंकी ग्रैनेड लॉन्चर से लैस बताए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकियों ने आज तड़के करीब साढ़े चार बजे जिला पुलिस लाइन्स (डीपीएल) में गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए है. उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई की. उन्होंने बताया कि ताजा रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ जारी थी. अधिकारी ने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षाबल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है.