नई दिल्लीः रेलवे ने कहा है कि 29 और 30 जुलाई के बीच की रात उत्तर रेलवे की पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम की सभी सेवायें तीन घंटे तक निलंबित रहेंगी. रेलवे के मुताबिक यात्री आरक्षण प्रणाली-पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) की कोई भी सर्विस इस दौरान उपलब्ध नहीं होगी. इसमें रिजर्वेशन गतिविधि, 139 पर पूछताछ और इंटरनेट बुकिंग यानी आईआरसीटीसी से होने वाली बुकिंग भी शामिल हैं.

रेलवे ने कहा है कि 29 और 30 जुलाई के बीच की रात ये सेवायें रात पौने बारह बजे से तड़के पौने तीन बजे तक निलंबित रहेगी. यात्री आरक्षण प्रणाली में सुधार के लिए सर्विसेज को अस्थायी रूप से निलंबित किया जाएगा. इस दौरान न तो ट्रेन टिकट बुक किए जा सकेंगे और न ही कैंसिल किए जा सकेंगे. इस दौरान रेलवे की सभी तरह की कंप्यूटराइज्ड पूछताछ सेवा भी बंद रहेगी. इस दौरान रेलवे के फोन नंबर 139 के जरिए भी आपको ट्रेनों की जानकारी नहीं मिल पाएगी.

इससे पहले 2 मई की रात से 3 मई की सुबह 5 बजे तक भी रेलवे की ऑनलाइन टिकटिंग साइट आईआरसीटीसी सहित सभी ऑनलाइन सर्विसेज से टिकट बुक नहीं हुई थीं. रेल का पैसेंजर रिज़र्वेशन सिस्टम 2 मई की रात 10:45 से 3 मई को सुबह पांच बजे तक बंद रहा था. इस दौरान कोई भी ऑनलाइन टिकट बुक नहीं हो पाया था.

पिछली बार ऐसा इसलिए किया गया था क्योंकि रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) को अपडेट किया जा रहा था. रेलवे ने अपने ऑनलाइन सिस्टम में कुछ नए फीचर्स और अपडेट जोड़े थे और इसके बाद ये ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम और एडवांस हो चुका है.