लखनऊ: यूपी में बीजेपी सरकार बनने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी पहली बार वाराणसी में होंगें. पीएम मोदी का यह दौरा दो दिनों का होगा. पीएम मोदी इस बार गाय की पूजा करेगें और दलित गांव में साफ सफाई करेंगे लेकिन इस बार वे झाड़ू नहीं लगाएंगे. इस बार पीएम मोदी फावड़े से शौचालय के लिए गड्ढा भी बनाएंगे.

पिछली बार जब पीएम मोदी वाराणसी आए थे तो यूपी में चुनाव हो रहे थे. अब छह महीने बाद यहां योगी आदित्यनाथ की सरकार है. 22 और 23 सितंबर के दो दिनों दौरे पर आ रहे पीएम मोदी का कार्यक्रम बड़ा व्यस्त है. पहले दिन प्रधानमंत्री क़रीब 850 करोड़ की योजनाओं को लोकार्पण और शिलान्यास करेंगें और वाराणसी से वडोदरा जाने वाली महामना एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. आपको बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी दोनों जगह से चुनाव लड़े और जीत गए लेकिन उन्होंने वडोदरा सीट छोड़ दी. उन्होंने वादा किया था कि जहां से वे ज्यादा वोट से जीतेंगे वहां के सांसद बने रहेंगे.

वाराणसी के डीएम योगेश्वर राम मिश्र बताते हैं, "प्रधानमंत्री जी जल एम्बुलेंस और जल शव वाहन सेवा का भी उद्घाटन करेगें." वाराणसी शहर में ट्रैफ़िक जाम सबसे बड़ी समस्या रही है इसलिए गंगा नदी में ऐंबुलेंस चलाने पर फैसला हुआ है.

पीएम मोदी नवरात्र में पूरे नौ दिन व्रत पर रहते हैं. इस दौरान वो वाराणसी के दुर्गा मंडप मंदिर और तुलसी मानस मंदिर जाएंगे. शाम में पीएम मोदी, बीजेपी के नेताओं और शहर के कुछ खास लोगों से भी मुलाकात करेंगे.

शनिवार को दिन की शुरुआत पीएम नरेंद्र मोदी, स्वच्छता अभियान से करेंगे. शहशाहपुर के एक दलित बस्ती में वो शौचालय बनाने के लिए मिट्टी खोदेंगें. इस इलाके में मुसहर समाज के लोग रहते हैं जो दलित हैं.

यूपी में बीजेपी दलितों को जोड़ने में जुटी हुई है. ये सब अगले लोकसभा चुनाव के लिए हो रहा है. इसके बाद पीएम मोदी गौ पूजा करेंगे.  पिछली बार जब वो वाराणसी आए थे तो गढ़वा आश्रम में उन्होंने गायों को चारा खिलाया था. पीएम मोदी यहां जानवरों के लिए एक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन भी करेंगे और आवास योजना में गरीबों को घर देंगे.