नई दिल्लीः देश में 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव निर्णायक दौर में पहुंच रहे हैं. 7 दिसंबर को राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होने के साथ पांचों राज्यों में चुनाव संपन्न हो जाएंगे. चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी और कांग्रेस रैलियों के जरिए एक दूसरे पर जमकर हमलावर हैं. पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दोनों राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान मौजूद थे. अब चुनाव प्रचार में भारत माता के नाम पर नया विवाद खड़ा होता दिख रहा है.
पहले राहुल गांधी ने राजस्थान के अलवर में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी हर भाषण से पहले 'भारत माता की जय' बोलते हैं. इसके बजाए उन्हें 'अनिल अंबानी की जय, मेहुल चोकसी की जय, नीरव मोदी की जय, ललित मोदी की जय' कहना चाहिए. अगर आप भारत माता की जय कहते हैं तो आप हमारे किसानों को कैसे भूल सकते हैं.
इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं कोई न कोई झूठ बोल जाते हैं. पीएम मोदी ने अपने किसी भी भाषण में राफेल डील का जिक्र नहीं किया, उन्हें डर है कि अगर वो इस पर बोलेंगे तो लोग चिल्लाएंगे 'चौकीदार चोर है'.
वहीं उनके इस बयान पर पीएम मोदी ने पलटवार किया है और राजस्थान के सीकर में एक रैली के दौरान कहा कि कांग्रेस एक फतवा लेकर आई है कि मुझे रैलियों की शुरुआत में भारत माता की जय नहीं बोलना चाहिए, वो इसके लिए मना कैसे कर सकते हैं? उन्हें तो इस तरह की बात बोलने के लिए भी शर्म आनी चाहिए. उनका ये कहना अपनी मातृभूमि के लिए उनका अनादर दिखाता है. हमारे लिए तो भारत माता ही सब कुछ है.
