राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने लिखा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक प्रतिबद्धता का गौरवशाली शताब्दी वर्ष पूर्ण किया है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं! मैं उन सभी विभूतियों को भी नमन करता हूं, जिन्होंने अपने अथक परिश्रम और सेवाभाव से संघ को सींचा और संवारा है.
समाज के उत्थान के लिए काम किया
उन्होंने आगे लिखा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सेवा, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक प्रतिबद्धता का गौरवशाली शताब्दी वर्ष पूर्ण किया है. अनगिनत स्वयंसेवकों ने अपने समर्पण, कर्तव्य-निष्ठा और राष्ट्र-प्रथम की भावना से सदैव समाज के उत्थान के लिए कार्य किया है. मुझे विश्वास है कि यह भावना आने वाले समय में भी देश को और सशक्त एवं सुदृढ़ करेगी.
पीएम मोदी के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों ने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दी हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "राष्ट्र को आराध्य, समाज को परिवार और सेवा को साधना मानकर मां भारती के परम वैभव के लिए समर्पित, विश्व के सबसे विशाल सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस की कोटि-कोटि स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र तक 'इदं राष्ट्राय इदं न मम' का भाव जगाती यह राष्ट्र-साधना माँ भारती के परम वैभव की अखंड यात्रा है. भारत माता की जय.
सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, "अनुशासन, सेवा और राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की 101वीं वर्षगांठ पर सभी स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के दूरदर्शी नेतृत्व में बोया गया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रूपी बीज एक विशाल वृक्ष बन चुका है, जिसकी शाखाएं देश के कोने-कोने तक फैली हैं. प्रतिदिन की शाखा से शुरू हुई यह यात्रा आज सेवा, शिक्षा, आपदा राहत और सामाजिक समरसता जैसे अनेक क्षेत्रों में स्वयंसेवकों के निःस्वार्थ योगदान के रूप में दिखाई देती है.
ये भी पढ़ें: 'बांग्लादेश की तरह भारत में भी कोशिश', रिजीम चेंज को लेकर क्या बोले मोहन भागवत
