नई दिल्ली: रेलवे में जल्द एक बड़ा बदलाव होने वाला है. रेलवे पीढ़ियों से चली आ रही रिजर्वेशन चार्ट व्यवस्था को खत्म करने जा रहा है. ट्रेन रिजर्वेशन चार्ट की जगह स्टेशन पर डिजिटल प्लाज्मा स्क्रीन लगाए जाएंगे. इन स्क्रीन पर यात्री से जुड़ी पूरी जानकारी मौजूद होगी. रेलवे ने ए1, ए और बी कैटेगरी के सभी स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनों के रिजर्व कोच पर चार्ट ना लगाने का आदेश जारी किया है.
रेलवे का ये आदेश एक मार्च से लागू हो जाएगा. शुरूआत में इसे सिर्फ छह महीने की प्रायोगिक अवधि के लिए लागू किया जाएगा. इससे पहले तीन महीने के लिए इसे नई दिल्ली, हज़रत निजामुद्दीन, मुम्बई सेंट्रल, चेन्नई सेंट्रल, हावड़ा और सीयाल्दाह स्टेशन की सभी ट्रेनों के रिज़र्व कोच के लिये लागू किया गया था.
रेलवे ने कहा है कि ऐसे स्टेशन जहां इलेक्ट्रानिक चार्ट डिस्प्ले प्लाज्मा लगा है और वह बेहतर तरीके से काम कर रहा है, तो वहां के प्लेटफार्मों पर चार्ट लगाना रोका जा सकता है. इस कदम के पीछे उद्देश्य दक्षिण पश्चिम रेलवे, बेंगलुरु डिविजन की कागज का इस्तेमाल बंद करने की पहल को आगे बढ़ाना है. उसने नवंबर, 2016 में ही बेंगलुरु सिटी और यशवंतपुर स्टेशनों पर ट्रेनों के आरक्षित बोगियों का चार्ट लगाना बंद कर दिया था. इस कदम से उसे कागज पर खर्च होने वाली 60 लाख रुपये की राशि की बचत हुई.