नई दिल्ली: तेल की कीमतों में लगी आग बुझने का नाम नहीं ले रही है. हर दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है. विपक्ष सरकार पर तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर लगातार हमलावर रुख़ अख्तियार किए हुए है. मुंबई में पेट्रोल का दाम 90 के पार हो गया है तो वहीं हैदराबाद में 87 के ऊपर है. दिल्ली वालों को भी पेट्रोल के लिए बहुत ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 82.72 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है. लेकिन महाराष्ट्र का नांदेड़ सबसे महंगा पेट्रोल खरीद रहा है. नांदेड़ में 91.66 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल बिक रहा है.
कई एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं और भारत में उस हिसाब से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते रहे तो वो दिन दूर नहीं है जब देश में पेट्रोल की कीमत 100 का आंकड़ा पार कर जाए. लेकिन परेशानी की बात ये है कि एक्सपर्ट्स का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में तेल की कीमतों का मौजूदा ट्रेंड ही जारी रहने वाला है. ऐसे में इस साल दिवाली तक मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 का आंकड़ा छू लेगी. मुंबई में आज एक लीटर पेट्रोल की कीमत 90.30 रुपये है.
ट्रेंड सैकड़ा का समर्थन कर रहा है दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने का जो ट्रेंड है और बीते दो महीनों में जिस तेजी से दाम बढ़ें हैं, अगर एक्सपर्ट्स की राय को दरकिनार भी कर दिया जाए तो भी कम से कम मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 के आंकड़े के आसपास पहुंच जाएगी.
कैसे दिवाली तक 100 के करीब पहुंच जाएगी कीमत इसे समझने के लिए पेट्रोल की कीमत में बीते दो महीने में आई बढ़ोतरी को समझने की जरूरत है. मुंबई में 31 जुलाई को पेट्रोल की कीमत 80.46 रुपये प्रति लीटर थी और अगस्त महीने में 4.92 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 31 अगस्त तक कीमत 85.38 रुपये प्रति लीटर हो गई. इस तरह आज 25 सितंबर है यानि बीते 25 दिन में मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत बढ़कर 90.30 रुपये हो गई है. यानि बीते 25 दिन में (90.30- 85.38) 4.92 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. यानि रोजाना पेट्रोल की कीमत में (492 पैसे/25) 19.68 पैसे की बढ़ोतरी हुई.
दिवाली आज से 44 दिन बाद 7 नवंबर को है. अगर मान लिया जाए कि जिस रफ्तार से सितंबर महीने में पेट्रोल के दाम बढ़े हैं, वही रफ्तार जारी रहती तो अगले 44 दिन में पेट्रोल के दाम में (44*19.68 पैसे=866 पैसे) 8.66 रुपये की बढ़ोतरी हो जाएगी. अगर मौजूदा कीमत 90.3 में 8.66 रुपये जोड़ दिया जाए तो कीमत 98.96 रुपये पहुंच जाती है यानि मुंबई में पेट्रोल की कीमत 100 के पार न सही पर सैकड़ा के करीब जरूर पहुंच जाएगी.
इस वक्त महाराष्ट्र के नांदेड़ में सबसे महंगा पेट्रोल बेचा जा रहा है. अभी नादेड़ में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 91.66 रुपये है. अगर इसमें मुंबई की बढ़ोतरी जोड़ दें (91.66+8.66=100.32) तो कम से कम महाराष्ट्र के नांदेड़ में दिवाली तक पेट्रोल की कीमत 100 का आंकड़ा पार कर जाएगी.
