नई दिल्ली: तेल की कीमतों में लगातार 11 दिनों की बढ़ोतरी के बाद आज आम लोगों को थोड़ी राहत मिली है. तेल कंपनियों ने आज पेट्रोल की कीमतों में 21 पैसे और डीजल की कीमतों में 11 पैसे की कटौती की है. इसी के साथ राष्ट्रीय राजधानी में एक लीटर पेट्रोल 82 रुपये 62 पैसे और डीजल 75 रुपये 58 पैसे प्रति लीटर की दर पर पहुंच गया है. वहीं मुंबई में आज कटौती के बाद पेट्रोल 88 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर और डीजल 79 रुपये 74 पैसे प्रति लीटर की दर से बिक रहा है.

कल तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किये थे. 16 अक्टूबर को एक लीटर पेट्रोल की कीमत दिल्ली में 82 रुपये 83 पैसे और डीजल 75 रुपये 69 पैसे थी. इससे पहले लगातार 11 दिनों तक डीजल के दाम बढ़े थे. इन दिनों में 2 रुपये 74 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी. वहीं पेट्रोल की कीमत में एक रुपये 33 पैसे की बढ़ोतरी देखी गई थी.

पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों की वजह से मोदी सरकार को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. हालांकि चार अक्टूबर को केंद्र ने पेट्रोल और डीजल की कीमत पर ढ़ाई रुपये की कटौती की घोषणा की थी. लेकिन लगातार बढ़ती की कीमतों की वजह से ये राहत बेअसर दिखी.