नई दिल्ली: उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार एम वेंकैया नायडू ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को दिए एक संदेश में कहा है कि पार्टी ‘मां’ की तरह होती है और उन्हें उसे कभी नहीं भूलना चाहिए.

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘बीजेपी में बिताए दिनों को मधुरता से याद कर रहा हूं. पार्टी मां की तरह होती है और हमें अपनी मां को कभी नहीं भूलना चाहिए.’’

नायडू अपने घर पर बीजेपी केंद्रीय कार्यालय के करीब 40 कर्मचारियों से मिलें जिनमें वाहन चालक, सफाई कर्मचारी तथा टेलीफोन ऑपरेटर शामिल थे. उन्होंने ट्विटर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं कर्मचारियों के साथ की अपनी एक तस्वीर भी डाली.

नायडू ने एक दूसरे ट्वीट में कहा, ‘‘बीजेपी केंद्रीय कार्यालय के सभी कर्मचारियों से विदा लेते समय की अपने कुछ खुशनुमा पलों को साझा कर रहा हूं. इन लोगों में सहायक, चालकों से लेकर कार्यकर्ता एवं दूसरे पदाधिकारी सभी शामिल थे.’’ उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे लिए बीजेपी महासचिव, राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा एक मंत्री के तौर पर उनके साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा है.’’