नई दिल्ली: पाकिस्तान ने जब भी भारत से टकराने की जुर्रत की है तब-तब पिटा है. पुलवामा हमला करके पाकिस्तान ने फिर से भारत को ललकारा है. भारत ने संयम बरता हुआ है, युद्ध की बात नहीं कर रहा है लेकिन पाकिस्तान को भारत का इतना खौफ है कि उसे युद्ध ही दिख रहा है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कल युद्ध की गीदड़भभकी दी थी. खान की देखादेखी उनका रेल मंत्री शेख रशीद भी कल से लंबी लंबी फेंक रहा है. कल उसने आंख निकालने की धमकी दी थी, आज फिर उसने भारत को लेकर अपना बड़बोलापन दिखाया है. इस बार शेख रशीद ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर भी अभद्र टिप्पणी की है.
क्या बोला शेख रशीद? शेख रशीद ने अपने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश डाला है. इसमें वो कह रहा है, ''मोदी सरकार ने पिछला इलेक्शन मुसलमानों और पाकिस्तान के खिलाफ बयान देकर जीता है. अब पांच राज्यों में चुनाव हारने के बाद उन्होंने एक बार फिर फौज को ग्रीन सिग्नल दिया है, जो जंग की खुली धमकी है. मोदी सरकार के मुकाबले में इमरान खान ने जांच की पेशकश की है, जो एक पढ़ी-लिखी और अनपढ़ की सोच में फर्क बयान करती है.''
शेख रशीद ने आगे कहा, ''मोदी सरकार सुन ले कोई सर्जिकल स्ट्राइक की गई तो पाकिस्तान पक्का जवाब देगा. पाकिस्तान के पास अब विकल्प नहीं है, ये फुलझड़ियां हमने दिवाली के लिए नहीं रखीं हैं.'' गीदड़भभकी के अलावा पाकिस्तान का रेल मंत्री खुले आम झूठ भी बोल रहा है और कश्मीर का राग भी अलाप रहा है.
शेख रशीद ने कहा, ''हम आतंकवाद के खिलाफ हैं, आतंकवाद किसी मुद्दे का हल नहीं है. कश्मीर के आजादी को लेकर संघर्ष को आतंकवाद करार नहीं दिया जा सकता. पाकिस्तान अपने कशमीरी भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है.''
