श्रीनगर: श्रीनगर के व्यस्त जहांगीर चौक इलाके में गुरूवार को आतंकवादियों के ग्रेनेड हमले में एक नागरिक की जान चली गई. इस हमले में तीन पुलिसकर्मी समेत 15 दूसरे लोग घायल हो गए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हमला सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर हुआ और ऐसा जान पड़ता है कि जहांगीर चौक इलाके में तैनात सुरक्षाकर्मी निशाने पर थे.
अधिकारी के अनुसार 16 लोग ग्रेनेड विस्फोट में घायल हुए. उनमें से एक मकसूद शाह ने बाद में दम तोड़ दिया. वे बडगाम जिले का रहने वाला थे. श्रीनगर के एसएसपी इम्तियाज पार्रे ने बताया कि ग्रेनेड हमलावर भी कथित रुप से इस विस्फोट में घायल हो गया. उन्होंने कहा, ‘‘चश्मदीदों के अनुसार जिस व्यक्ति ने ग्रेनेड फेंका, वह भी घायलों में शामिल है. हम इसकी पुष्टि करने की कोशिश में जुटे हैं. ’’
