नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने सोमवार को कहा कि दीवाली के दिन मेट्रो सेवा टर्मिनल स्टेशनों से रात दस बजे तक ही उपलब्ध हो सकेगी. डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘ 7 नवंबर को दीवाली उत्सव के दिन अंतिम मेट्रो सेवा एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन समेत सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से रात के 11 बजे के बजाय 10 बजे तक ही उपलब्ध हो पाएगी.’’ बयान में कहा गया कि मेट्रो ट्रेन सेवा दिवाली के दिन सभी लाइनों पर सुबह छह बजे और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सुबह के 4:45 बजे से ही शुरू होगी.

लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एलएमआरसी) दीपावली के दिन सुबह छह से शाम सात बजे तक ही मेट्रो ट्रेन चलाएगा. लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रवक्ता अमित कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि रोशनी का त्योहार दीपावली सात नवम्बर को है. इसलिए मैट्रो सेवाए शाम 7 बजे तक ही उपलब्ध रहेगी.