नई दिल्ली: जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के चाचा मोहम्मद अली मट्टू का रविवार को निधन हो गया. उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर ये जानकारी दी. इसके साथ ही उमर अब्दुल्ला ने लोगों से अपील की कि वे गाइडलाइन का पालन करें और उनके घर या कब्रिस्तान पर इकट्ठा न हों. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से ही दुआ करें और ये उनके चाचा की आत्मा को शांति देगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उमर अब्दुल्ला के चाचा के निधन पर शोक व्यक्त किया. साथ ही लोगों से इकट्ठा ने होने की अपील के लिए उमर अब्दुल्ला की सराहना की. पीएम मोदी ने कहा कि आपका आह्वान सराहनीय है.

पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘’उमर अब्दुल्ला, आपको और पूरे परिवार को संवेदना. उनकी आत्मा को शांति मिले. दु:ख की इस घड़ी में, किसी भी बड़े जमावड़े से बचने के लिए आपका आह्वान सराहनीय है और भारत को COVID-19 के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करेगा.’’

उमर अब्दुल्ला ने संवेदना व्यक्त करने के लिए धन्यवाद दिया. उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘’जनाब, शोक संवेदना के आपके संदेश के लिए मेरा परिवार आपको बहुत बहुत धन्यवाद देता है. दिवंगत आत्मा के लिए आपकी प्रार्थना की बहुत सराहना की जाती है.’’

गौरतलब है कि कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में लॉकडाउन है. सरकार लगातार लोगों से ये अपील कर रही है कि इस दौरान वे अपने घरों में रहें और बहुत जरूरत होने पर बाहर निकलें. लोगों के एक जगह इकट्ठा होने से कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए उमर अब्दुल्ला ने लोगों से ये अपील की.