भुवनेश्वर: मौसम विभाग ने ओडिशा में अगले दो दिनों के भीतर भारी बारिश की होने की संभावना जताई है. यह स्थिति क्षेत्र में कम दबाव के क्षेत्र के बनने के चलते बनी हुई है. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो चक्रवात के प्रभाव के चलते कई क्षेत्रों में कम दबाव की स्थिति बनी है. इन क्षेत्रों में पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र, उत्तरी ओडिशा और बंगाल की खाड़ी के पश्चिमोत्तर क्षेत्र प्रमुख हैं.

मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान इसके गहराने की संभावना हैं. इसके गहराने के चलते क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है. इसका प्रभाव कई और भी स्थानों पर देखने को मिल सकता है. जिसके चलते कई और इलाकों में बारिश की संभावनाएं हैं.

इसके प्रभाव के चलते अधिकांश स्थानों में सामान्य बारिश होने और बादलों की गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. जबकि धेनकनाल, अंगुल, देवगढ़, संबलपुर, बोलांगीर, झासुगुड़ा, बारागढ़ और क्योंझर जिले की कुछ जगहों में भारी बारिश होने की संभावनाएं हैं. इनके अलावा पुरी, गंजम, खुर्दा, कटक, बालासोर, मयूरभंज, कालाहांडी, बौध, सोनपुर और सुंदरगढ़ जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना हैं.

मछुआरों को तट पर लौटने की सलाह

मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने कुछ दिशा निर्देश जारी किए हैं. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि समुद्र में गए मछुआरे तट पर लौट आएं. इसके साथ ही मछुआरों को रविवार और सोमवार के दिन पश्चिमोत्तर दिशा में बंगाल की खाड़ी और ओडिशा से लगे समुद्र पर नहीं जाने की भी सलाह दी गई है.