नई दिल्ली: सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड़ मामले में 22 आरोपियों को बरी किए जाने के ठीक एक दिन बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को तंज करते हुए कहा कि ‘उसे किसी ने नहीं मारा, वह खुद मर गया’ राहुल ने सोहराबुद्दीन के साथ ही हरेन पांड्या, कौसर बी और जस्टिस लोया की मौत का भी जिक्र किया और कहा कि ‘‘वे अपने आप मर गए’’.

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘किसी की हत्या नहीं हुई- हरेन पांड्या, तुलसीराम प्रजापति, जस्टिस लोया, प्रकाश थोम्ब्रे, श्रीकांत खांडालकर, कौसर बी, सोहराबुद्दीन शेख, ये सब अपने आप मर गए’’. गौरतलब है कि सीबीआई की एक विशेष अदालत ने गैंगेस्टर सोहराबुद्दीन शेख, उसकी पत्नी कौसर बी और उसके सहयोगी तुलसी प्रजापति की कथित फर्जी मुठभेड़ में हत्या के मामले में 22 आरोपियों को साक्ष्यों के आभाव में शुक्रवार को बरी कर दिया था.

अमित शाह का भी नाम उछला था यह मामला काफी सुर्खियों में रहा है क्योंकि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह आरोपियों में शामिल थे. हालांकि, उन्हें 2014 में आरोप मुक्त कर दिया गया था. शाह इन घटनाओं के वक्त गुजरात के गृह मंत्री थे. अदालत ने सीबीआई के आरोपपत्र में नामजद 38 लोगों में से 16 को सबूत के अभाव में आरोपमुक्त कर दिया है. इनमें अमित शाह, राजस्थान के तत्कालीन गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया, गुजरात पुलिस के पूर्व प्रमुख पी सी पांडे और गुजरात पुलिस के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी डीजी वंजारा शामिल हैं.

सीबीआई के मुताबिक आतंकवादियों से संबंध रखने वाला कथित गैंगेस्टर शेख, उसकी पत्नी कौसर बी और उसके सहयोगी प्रजापति को गुजरात पुलिस ने एक बस से उस वक्त अगवा कर लिया था, जब वे लोग 22 और 23 नवंबर 2005 की दरम्यिानी रात हैदराबाद से महाराष्ट्र के सांगली जा रहे थे. सीबीआई के मुताबिक शेख की 26 नवंबर 2005 को अहमदाबाद के पास कथित फर्जी मुठभेड़ में हत्या कर दी गई. उसकी पत्नी को तीन दिन बाद मार डाला गया और उसके शव को ठिकाने लगा दिया गया.

यह भी पढ़ें-

मध्य प्रदेश: 5 लाख का कर्ज लेने वाले किसान ने की खुदकुशी, #KamalNath सरकार ने की है दो लाख तक की कर्जमाफीस्वामी का गंभीर आरोप, RBI गर्वनर को बताया भ्रष्टाचारी, कहा- उनके चुने जाने से हैरान हूंदेखें वीडियो-