नई दिल्लीः देहरादून से नैनीताल जिले के काठगोदाम के बीच आज एक नई ट्रेन शुरू हुई जिसे सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने केंद्र की तरफ से राज्य के लोगों की दी गई एक सौगात बताया. भाजपा की राज्य यूनिट के मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन ने कहा कि नैनी-दून जनशताब्दी एक्सप्रेस राज्य के लोगों के लिए देहरादून से नैनीताल तक का सफर आसान बनाएगी. भसीन ने कहा, “भाजपा सरकार की ओर से यह राज्य के लिए एक बड़ा तोहफा है.”

उन्होंने कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्र के बीच बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेस ट्रेन को शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भाजपा सांसद (राज्यसभा) अनिल बलूनी और नैनीताल से सांसद भगत सिंह कोश्यारी का आभार व्यक्त किया जाना चाहिए.

केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने रेल भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई.

फ्लेक्सी फेयर स्कीम में बदलाव इसके अलावा आज खबर आई थी कि यात्रियों को कुछ राहत देने के लिए रेलवे अगले महीने फ्लेक्सी फेयर योजना में बदलाव करेगी. फिलहाल कुछ क्षेत्रों में प्रीमियम ट्रेनों के लिए यात्रियों को हवाई यात्रा के बराबर भुगतान करना पड़ता है.

रेलवे ने बताया कि मंत्रालय कम भीड़भाड़ वाली ट्रेन में फ्लेक्सी फेयर योजना को अस्थाई रूप से बंद करने की तैयारी कर रहा है. इस योजना को बंद करने के पीछे की वजह है कि इस दौरान 30 प्रतिशत से कम सीटें ही भरीं. एक अन्य विकल्प योजना में सुधार करने पर भी विचार किया जा रहा है जो फार्मूला हमसफर ट्रेनों में इस्तेमाल किया जाता है. इसमें 50 प्रतिशत सीट वास्तविक मूल्य से 15 प्रतिशत से अधिक पर बेची जाती है. इसके बाद हर 10 प्रतिशत पर दामों में बदलाव हो जाता है.