नई दिल्ली: कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र और देश के अन्य हिस्सों में गठबंधन का एलान कर चुके राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को सोनिया गांधी और उनके बेटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि लोगों को गर्व होना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की नृशंस हत्या के बावजूद उनलोगों ने गरीबों की सेवा जारी रखी. उन्होंने कहा, ''राजीव की हत्या के बाद सोनिया गांधी आगे आई. अब राहुल गांधी हैं, जो बेहतर नेतृत्व कर रहे हैं.''
शरद पवार द्वारा सोनिया गांधी की तारीफ चौंकाने वाला है. दरअसल, साल 1999 में शरद पवार ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस से अलग होकर एनसीपी का गठन किया था. शरद पवार को तब पीए संगमा और तारिक अनवर का भी साथ मिला था.
हालांकि बाद में बनी कांग्रेस की सरकार में शरद पवार की पार्टी सहयोगी रही. कांग्रेस और एनसीपी महाराष्ट्र के चुनाव में साथ लड़ी. पवार मनमोहन सिंह की सरकार में 2004 से लेकर 2014 तक कृषि मंत्री रहे.
पवार का PM मोदी पर निशाना पवार ने इस दौरान गांधी परिवार पर देश को बर्बाद करने का आरोप लगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि गुजरात में उनके मुख्यमंत्री रहते हुए ‘‘जब निर्दोष लोग मारे जा रहे थे’’ तो उन्होंने कुछ नहीं किया. पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अपने भाषण में गुजरात के किसी खास मामले का जिक्र नहीं किया लेकिन उन्होंने 2002 के गुजरात दंगों का हवाला दिया . एनसीपी नेता महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे.
