नई दिल्ली: खालिस्तानी आतंकी गोपाल सिंह चावला के साथ नवजोत सिंह सिद्धू की तस्वीर को लेकर मचे बवाल पर अब उन्होंने सफाई दी है. पंजाब सरकार के मंत्री सिद्धू ने गोपाल सिंह चावला को पहचानने से इनकार कर दिया है. सिद्धू ने कहा,'' मेरी 5 से 10 हजार फोटो ली गई. मुझे नहीं पता कि गोपाल सिंह चावला कौन है.''
बता दें कि एक बार फिर कांग्रेस नेता और पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का पाकिस्तान दौरा विवादों में घिर गया है. दरअसल, खालिस्तानी आतंकी गोपाल सिंह चावला ने नवजोत सिंह सिद्धू के साथ एक तस्वीर फेसबुक पर शेयर की है. जिसके बाद दिल्ली से अकाली विधायक मनजिंदर एस सिरसा ने सिद्धू पर सवाल उठाते हुए उन्हें बर्खास्त किये जाने की मांग की है.
सिरसा ने ट्वीट कर कहा, ''पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह कहते हुए पाक का दौरा करने से मना कर दिया था कि पाक भारत और पंजाब के खिलाफ गतिविधियों का समर्थन करता है, लेकिन उसके अपने ही मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू उनकी इच्छा के खिलाफ वहां जाते हैं और गोपाल सिंह चावला के साथ फोटो खिंचवाते हैं. जो हाफिज सईद का करीबी और भारत विरोधी है. क्या कैप्टन साहब अपने गैर जिम्मेदार मंत्री को हटाएंगे?''
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए मंगलवार को पाकिस्तान गये थे. वे कल कार्यक्रम में शामिल हुए. इस मौके पर भारत सरकार की तरफ से अकाली नेता और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर व बीजेपी नेता और मंत्री हरदीप सिंह पुरी मौजूद थे. करतारपुर कॉरिडोर का उद्घाटन पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने किया.
