कोहिमा: नागालैंड में जुलाई से भारी बारिश और बाढ़ की वजह से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है जबकि 4000 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि म्यांमार की सीमा से लगातार किफाइर जिला बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. इस वजह से उसका सभी तरफ से पूरी तरह से संपर्क टूट चुका है जबकि वायु सेना किफाइर समेत प्रभावित इलाकों में खाने का सामान गिरा रही है.
राज्य के मुख्य सचिव तेमजेन टॉय ने कहा कि जुलाई से कोहिमा और ज़ुन्हेबोटो जिलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई है. राज्य के विभिन्न स्थानों पर खाना और राहत सामग्री गिराई जा रही है. उन्होंने कहा कि तेनिंग में हमने सफलतापूर्वक राशन गिराया है, लेकिन किफाइर, तोबू और अन्य स्थानों पर खराब मौसम की वजह से ऐसा नहीं कर पाए हैं.
तेमजेन टॉय से पूछा गया था कि कई प्रभावित लोगों के पास पर्याप्त खाना नहीं है. मुख्य सचिव ने बताया कि समूचे राज्य में करीब 400 गांव प्रभावित हुए हैं जबकि बस्तियों के क्षतिग्रस्त होने की वजह से तकरीबन 4000 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
रक्षा प्रवक्ता कर्नल सी कोनवर ने बताया कि वायु सेना ने चावल, दालें, प्याज, आलू, खाद्य तेल, नमक, दूध पाउडर, चीनी और चाय की पत्ती समेत जरूरी सामान के पैकेट गिराने के लिए सात फेरे लगाए. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरन रिजिजू, मुख्यमंत्री नेफियू रीयू और केंद्र के अन्य अधिकारियों ने कल स्थिति की समीक्षा की थी. रिजिजू को प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण करना था लेकिन खराब मौसम की वजह से वह ऐसा नहीं कर पाए.