नई दिल्ली: केंद्र की मोदी सरकार जल्द ही अपने कर्मचारियों को तोहफा दे सकती है. केंद्रीय कर्मचारियों को खुश करने के लिए मोदी सरकार उन्हें मिलने वाले मंहगाई भत्ते को 2 फीसदी बढ़ा सकती है. बुधवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में मंहगाई भत्ता बढ़ाने को लेकर फैसला हो सकता है.

इसके साथ ही मंहगाई भत्ते में होने वाली 2 फीसदी बढ़ोतरी का लाभ केंद्र सरकार से पेंशन पाने वाले पूर्व कर्मचारियों को भी मिलेगा. उम्मीद की जा रही है कि बढ़ाया जाने वाला यह मंहगाई भत्ता 1 जुलाई 2018 से लागू होगा.

पिछली बार जब केंद्र सरकार ने मंहगाई भत्ते को बढ़ाने का फैसला किया था तब केन्द्र सरकार के 48.41 लाख कर्मचारियों अैर 61.17 लाख पेंशनभोगियों को उसका फायदा हुआ. केंद्र सरकार ने 12 सितंबर 2017 को अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता (डीए) एक प्रतिशत बढ़ाकर पांच प्रतिशत कर दिया था.