नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश में एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है. इस हादसे में 5 क्रू मेंबर और एयरफोर्स के दो जवानों की मौत हो गई है. एयरफोर्स ने हादसे की वजह पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं.
भारतीय वायु सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया ये हादसा अरुणाचल प्रदेश में तवांग के पास सुबह के करीब 6 बजे हुआ है. अरुणाचल प्रदेश में Mi-17 V5 हेलीकॉप्टर मैंटीनेंस मिशन पर था और इस दौरान हादसे का शिकार हो गया.
अधिकारी ने बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार कर्मियों में से 7 की मौत हो गई है.
अधिकारी ने कहा, ‘‘दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दे दिया गया है.’’ बचाव दल भारत-चीन सीमा पर स्थित तवांग में हादसा स्थल पर पहुंच गए हैं. घायल कर्मी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Mi-17V-5 हेलीकॉप्टर का शुमार दुनिया के सबसे आधुनिक ट्रांस्पोर्ट हेलीकॉप्टर के तौर पर किया जाता है. भारत ने ये हेलीकॉप्टर रुस से खरीदे हैं.
भारत ने पहली बार साल 2008 में रुस से 80 Mi-17V-5 हेलीकॉप्टर का सौदा किया था, जो 2011 -2013 में पूरा हुआ. उसके बाद भारत ने तीन दूसरे सौदे किए, जिनके तहत 71 Mi-17V-5 हेलीकॉप्टर खरीदे गए.