BJP MLA Paonam Brojen: मणिपुर के बीजेपी विधायक पाओनम ब्रोजेन ने गुरुवार (20 अप्रैल) को व्यक्तिगत कारण बताते हुए मणिपुर डेवलपमेंट सोसाइटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया. पूर्वोत्तर राज्य से पाओनम ब्रोजेन तीसरे पार्टी विधायक हैं जिन्होंने 15 दिनों के भीतर मणिपुर सरकार के प्रशासनिक पद से इस्तीफा दे दिया है.
तीनों बीजेपी विधायक पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से मिलने और अपनी-अपनी शिकायतें लेकर दिल्ली में मौजूद हैं. तीनों विधायकों के कदमों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार में असंतोष पनप रहा है.
कृपया मेरा स्वीकार करें...
बीजेपी विधायक पाओनम ब्रोजेन ने मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को लिखे पत्र में कहा, 'मैं व्यक्तिगत कारण की वजह से मणिपुर डेवलपमेंट सोसाइटी इंफाल के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं. कृपया इसे स्वीकार किया जाए.' इससे पहले बीजेपी विधायक करम श्याम ने सोमवार (17 अप्रैल) को पर्यटन निगम मणिपुर लिमिटेड के अध्यक्ष पद से यह शिकायत कहते हुए इस्तीफा दे दिया कि उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है.
MLA थोकचोम राधेश्याम ने दिया था इस्तीफा
दरअसल बीजेपी के एक अन्य विधायक थोकचोम राधेश्याम ने शनिवार 8 अप्रैल को इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने भी अपने पत्र में पाओनम ब्रोजेन जैसी वजह बताते हुए मुख्यमंत्री के सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया था. वहीं चौथे विधायक ख्वाइरकपम रघुमणि ने मणिपुर पुलिस में बीजेपी के राज्य अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष के खिलाफ एक फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्हें धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है.
