इंडिया गठबंधन की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा जारी रखने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जो अपने चेले को बिठाकर सबके वोट तोड़ने का काम कर रहे हैं. जब तक वो (ज्ञानेश कुमार) नहीं जाएगा, हम लड़ते रहेंगे.
उन्होंने कहा, ''ज्ञानेश को भगाएंगे मोदी जी छुपाने की कोशिश कर रहे हैं. जमीन के अंदर भी गया है तो उसको उठाकर बाहर लाएंगे. इतनी ताकत हमारे युवाओं, महिलाओं के पास है.''
खरगे ने साथ ही कहा कि मोदी जाएगा, जरूर जाएगा -जब आप मजबूती से लड़ेंगे. हम एक होकर लड़ेंगे, मोदी को हटाएंगे. संविधान को बचाएंगे.
उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार, महाराष्ट्र सरकार, बिहार सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार चोरी की सरकार हैं.
ईडी के सहारे डराने की कोशिश- खरगे
खरगे ने गठबंधन के नेताओं का स्वागत करते हुए कहा, ''नरेंद्र मोदी-शाह ने जिस तरह से जनता का वोट छीनने की कोशिश की, आज हम उसके खिलाफ यहां एकजुट हुए हैं.''
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ''आप डराते हैं, ईडी को लगाते हैं, केंद्रीय एजेंसियों को लगाते हैं. हमें डराने की कोशिश करते हैं. हम डरने वाले नहीं हैं. इंडिया गठबंधन के लोग डरने वाले नहीं हैं. लड़ने वाले लोग हैं. पीएम मोदी फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं. वो लोगों के वोट छिनने की कोशिश करते हैं. वोट कौन देगा वो, वो चुन रहे हैं.''
सीईसी ज्ञानेश कुमार और एसआईआर के खिलाफ रामलीला मैदान की रैली में राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव और कई अन्य दलों के नेता शामिल हैं.
रैली से पहले इन नेताओं ने मिंटो ब्रिज से रामलीला मैदान तक मार्च किया. बड़े नेता खुली बस में सवार दिखे.
