मुंबई: महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने रविवार को महाराष्ट्र की जनता को संबोधित किया. इस दौरान सीएम ने जनता से अपील की कि ज़रूरत नहीं हो तो घर से बाहर न निकलें. साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाक़े में जाने से बचने की भी सलाह दी. सीएम ठाकरे ने कहा कि दिल्ली समेत देश के दूसरे हिस्सों में कोरोना की दूसरी लहर देखने मिल रही है. वहीं देश के कई शहर में कर्फ़्यू तक लगाना पड़ा है. कई देशों में कोरोना की दूसरी लहर नहीं, सुनामी आई है. महाराष्ट्र में ऐसे हालात पैदा ना हो इस लिए हमें सतर्क रहने की ज़रूरत है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना से बचाव के लिए हर तरह के प्रयास कर रही है. इतना ही आने वाले वक़्त में भी जो कुछ करने की ज़रूरत होगी वो सरकार जरूर करेगी. लेकिन जनता से विनती है कि कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करें. मास्क लगाएं, समय समय पर हाथ धोएं, साथ ही किसी से भी मिलते वक़्त दो गज की दूसरी बनाना न भूलें.

सीएम ठाकरे ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारी पिछले 8 महीनों से काम कर रहे हैं. उन्हें और कितनी तकलीफ़ दी जाए, इसका ध्यान हमें भी रखने की ज़रूरत है. अगर कोरोना की दूसरी लहर आती है और स्वास्थ कर्मचारियों की संख्या कम पड़ती है तो हमें कोरोना से कौन बचायेगा?

दीवाली के बाद कोरोना मरीज़ों की संख्या में हुई बढ़ोतरी

दीवाली से पहले कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या में कमी दर्ज की गई थी. लेकिन दीवाली के चलते बाज़ारों में जो भीड़ इक्कठा हुई उसकी वजह से फ़िलहाल राज्य में रोज़ 5000 से ज़्यादा संक्रमित मरीज़ों की संख्या देखने मिल रही है. इस आंकड़े ने स्वास्थ्य विभाग की चिताएं बढ़ा दी हैं. पिछले 24 घंटे में 5756 लोगों कोरोना संक्रमित हुए जबकि 50 लोगों की मौत हुई है.

गुजरात के चार बड़े शहरों में कल से नाइट कर्फ्यू, मास्क नहीं पहनने पर अब लगेगा 1000 रुपये का जुर्माना