लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के शौचालय में एक टिश्यू पेपर पर 'बम' लिखा हुआ मिला. सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान को रोक दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.

Continues below advertisement

उड़ान से पहले एप्रन पर ही रोका गया विमानपीटीआई के मुताबिक, सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए करीब 180 यात्रियों को लेकर रवाना होने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E) को एप्रन पर ही रोक दिया गया. इसके बाद यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की गहन जांच की गई.

सुरक्षा एजेंसियों ने की सघन तलाशीघटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा कर्मियों ने विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की. तलाशी के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, जिससे राहत की सांस ली गई.

Continues below advertisement

जांच में फर्जी निकली बम की सूचनापूरी जांच के बाद अधिकारियों ने इस मामले को 'होक्स' यानी झूठी बम की सूचना करार दिया. हालांकि, सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने में समय लगने के कारण उड़ान निर्धारित समय से देरी से रवाना हुई.

दिल्ली की तीन उड़ानें लखनऊ डायवर्टइससे पहले दिल्ली में खराब मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण तीन उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा. एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, सभी विमानों को सुरक्षित रूप से लखनऊ में उतारा गया और मौसम सामान्य होने के बाद उन्हें दिल्ली के लिए रवाना किया गया.

बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E1054 रात 12:18 बजे लखनऊ पहुंची और सुबह 7:56 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई. वहीं, गुवाहाटी से दिल्ली आने वाली फ्लाइट 6E6317 रात 12:26 बजे लखनऊ उतरी और सुबह 3:21 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी. इसके अलावा नागपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E6573 रात 12:42 बजे लखनऊ पहुंची और सुबह 3:12 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई.

एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि लखनऊ में ठहराव के दौरान यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं.