नई दिल्ली: गोरक्षा के नाम पर राजस्थान के अलवर में एक शख्स की हत्या का मामला गरमाता जा रहा है. कांग्रेस ने इस मामले में संसद में स्थगन प्रस्ताव दिया है. वहीं हंगामे के दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास ने कहा कि हम ऐसे किसी घटना का समर्थन नहीं करते.
नकवी ने सदन में कहा, ''गौरक्षा के नाम पर सरकार गुंडागर्दी का समर्थन नहीं करती. उन्होंने कहा ये मामला बेहद संवेदनशील है और सदन से कोई गलत संदेश नहीं जाना चाहिए.'' उन्होंने कहा, ''जिस तरह की घटना पेश की जा रही है, ऐसी कोई घटना जमीन पर नहीं हुई है.''
क्या है मामला
हरियाणा के मेवात जिले के नूंह तहसील के जयसिंहपुर गांव के रहनेवाले पहलू खान की गोरक्षा के नाम पर हत्या कर दी गई थी. 55 साल के पहलू खान एक अप्रैल को अपने दो बेटों के साथ जब गाय खरीद कर लौट रहे थे, तब राजस्थान के बहरोड़ में अज्ञात लोगों ने गो-तस्करी के आरोप में उनकी और उनके साथ के लोगों की पिटाई कर दी थी. जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी.
आपको बता दें कि बीते दो साल में गाय तस्करी के कथित मामलों में लेकर गोरक्षा के नाम कई लोगों की हत्याएं हुई हैं जिनमें मुसलमान और दलितों को निशाना बनाया गया है.