नई दिल्ली: पूरा बिहार आस्था का महापर्व छठ मना रहा है. इस बीच छठ से एक दिन पहले खरना के मौके पर लालू यादव के आवास पर उनकी बेटियां, दामाद और नाती-नातिन मौजूद थे, लेकिन तेजस्वी यादव नदारद रहे. लालू यादव के आवास पर उनकी बेटी मीसा भारती खरना का प्रसाद बांट रही थीं और राबड़ी देवी खुद वहां मौजूद सभी लोगों को तिलक लगाकर आशीर्वाद दे रही थीं.

राबड़ी देवी ने कहा कि उन्होंने छठी मईया से यही कामना की है कि उनके परिवार और बाकी लोगों का भला हो. बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''जांच एजेंसियों से हम लोगों को कोई परेशानी नहीं है, तबीयत ठीक होने के बाद फिर से पूछताछ में जाऊंगी.''

छठ पूजा पर गरमाई बिहार की राजनीति, तेजस्वी ने सुशील मोदी को दी ये चुनौती

वहीं लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव पूजाघर में पूजा कर रहे थे. उनका कहना है कि एक राजनेता होने के नाते मैं पूरे बिहार की जनता को छठ की शुभकामनाएं देता हूं. हमारा पूरा परिवार एकजुट है और धूम-धाम से छठ मना रहा है. सुशील मोदी के ट्वीट पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि भगवान सब देख रहे हैं, जो गलत करेगा उसका फल उसे यहीं मिलेगा.

लालू यादव अपने परिवार के साथ काफ़ी ख़ुश नज़र आए. जांच एजेंसियों के शिकंजे पर उन्होंने कहा कि सबकुछ अच्छे के लिए होता है और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा. लालू यादव ने कहा कि वो किसी से डरने वाले नहीं हैं.