केरलम से कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने सोमवार को दावा किया कि पिछले तीन दिन से उनके सोशल मीडिया पेज पर लगातार ‘‘साइबर हमले’’ किए जा रहे हैं. इस संबंध में उन्होंने राज्य के गृह मंत्री तथा पुलिस प्रमुख से शिकायत की है. माथेर ने पत्रकारों से कहा कि राज्य के पुलिस प्रमुख ने उन्हें मामले की जांच का आश्वासन दिया है.

Continues below advertisement

कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्होंने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे (UDF) के संयोजक अदूर प्रकाश के उस बयान का समर्थन किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण फैसले बिना किसी से परामर्श के लिए जा रहे हैं. UDF की बैठकें नहीं बुलाई जा रही हैं और उन्हें महत्वपूर्ण घटनाक्रमों की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिल रही है.

गृहमंत्रालय में की शिकायत

Continues below advertisement

माथेर ने कहा कि इसके बाद से ही उन्हें ‘‘साइबर हमलों’’ का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि चूंकि राज्य के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला अस्वस्थ हैं, इसलिए वह उनसे सीधे बात नहीं कर सकीं, लेकिन उनके कर्मचारियों से बात की. माथेर ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि राज्य के गृह मंत्री, उनका विभाग और पुलिस जरूरी कदम उठाएंगे.’’

डिजिटल लिंचिंग

उन्होंने इन हमलों को ‘‘डिजिटल गिरोह द्वारा की जा रही डिजिटल लिंचिंग’’ भी करार दिया और कहा कि इस तरह के प्रयासों के कारण वह अपनी राजनीतिक राय बदलने के लिए डरने वाली नहीं हैं. माथेर ने कहा कि आम तौर पर वह ऐसे ‘‘साइबर हमलों’’ को नजरअंदाज कर देती हैं या उन्हें हटा देती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा नहीं करने का फैसला किया क्योंकि ‘‘कुछ लोग कहीं से चीजें तय करने की कोशिश कर रहे हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे हमें बता रहे हैं कि हमें कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए, क्या जवाब देना चाहिए या क्या रुख अपनाना चाहिए. हमें इस तरह की हरकतों को स्वीकार करने की जरूरत नहीं है. यह एक लक्षित और संगठित साइबर हमला है.’’ 

KPCC अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा- हमले उचित नहीं

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन का उनके खिलाफ हो रहे साइबर हमलों से कोई संबंध है. माथेर सहित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर केरलम में पार्टी समर्थकों द्वारा किए जा रहे साइबर हमलों के आरोपों पर कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) अध्यक्ष सनी जोसेफ ने कहा कि "इस तरह के हमलों को उचित नहीं ठहराया जा सकता."

उन्होंने दिल्ली में पत्रकारों से कहा, ‘‘किसी के खिलाफ साइबर हमला करना सही नहीं है. साथ ही, कोई भी हमारी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को नियंत्रित नहीं कर सकता. पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी राय व्यक्त करने की स्वतंत्रता दी जानी चाहिए.’’ जोसेफ ने कांग्रेस नेताओं से आंतरिक मुद्दों पर सार्वजनिक बयान देने से बचने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां पार्टी और संबंधित व्यक्तियों, दोनों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.