कोच्चि: कोरोना वायरस का प्रकोप कहीं से भी कहीं फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि अब हमें कोरोना के साथ रहने की आदत डालनी होगी, जब तक इसकी वैक्सीन तैयार नहीं हो जाती. यानि कि इस वायरस से बचाव के लिए मास्क पहनना ही पड़ेगा. लेकिन मास्क के साथ एक मुश्किल ये है कि इसे पहनने के बाद हमारा आधा चेहरा, नाक, ठुड्डी पूरी तरह से छिप जाता है. सामने वाले के लिए आपकी पहचान थोड़ी मुश्किल हो जाती है. लेकिन अब इस समस्या का हल निकाल लिया गया है. कोच्चि के इटुमानूर में बिनेश जी पॉल नाम के शख्स ने ऐसा मास्क तैयार किया है जिससे लोग आपकी पहचान आसानी से कर सकते हैं.
क्या है मास्क की खासियत
ये अनोखा मास्क आपकी पहचान छिपाता नहीं है बल्कि दिखाता है. क्योंकि इस मास्क में कवर किया हुआ हिस्सा सुपरइम्पोज कर दिया जाता है. दरअसल, पहले उस शख्स की हाई रेसोल्यूशन कैमरे से एक फोटो ली जाती है और फिर उस फोटो को मास्क पर प्रिंट कर दी जाती है. बिनेश का कहना है कि इस मास्क को बनाने में सिर्फ 20 मिनट लगते हैं.
बिनेश ने बताया, उनका परिवार भी लगभग 55 सालों से फोटोग्राफी के बिजनेस में है. वह खुद पिछले 10 सालों से डिजिटल फोटोग्राफी का काम कर रहे हैं. अबतक कई तरह के मास्क बना चुके हैं जैसे कि मिक्की माउस, टॉम एंड जेरी, टेडी बियर के डिजाइन वाला लेकिन एक भी मास्क में एक भी व्यक्ति का फोटो नहीं था. यहीं से उनके दिमाग में ऐसा अनोखा मास्क बनाने का ख्याल आया.
पहचान दिखाने वाला मास्क क्यों जरूरी बिनेश ने इस बारे में भी बताया है कि कुछ जगहों पर मास्क पहनने की वजह से पहचान छिप जाती है और फिर परेशानी होती है. उन्होंने कहा, एटीएम, एयरपोर्ट में जांच के दौरान, एग्जाम हॉल और दूसरी जगहों पर पहचान दिखाना जरूरी होता है. नया मास्क इस समस्या का तोड़ है.
ये भी पढ़ें-
दो साल के बच्चे को मास्क न पहनाएं, दम घुटने का खतरा- जापानी विशेषज्ञ की सलाह लॉकडाउन में हवाई नीति पर सवाल, 7 उड़ानों में मिले 17 कोरोना पॉज़िटिव केस