नई दिल्ली: सीआरपीएफ जवानों के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई हो सकती है. एबीपी न्यूज को सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि जिन कश्मीर लड़कों ने सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया था, उनकी पहचान हो चुकी है और जल्द ही वो गिरफ्तार किये जा सकते हैं. इस मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए आज सीआरपीएफ के डीजी श्रीनगर भी जा रहे हैं.
जांच में पता चला है कि सीआरपीएफ जवानों पर हमला करनेवाले बडगाम जिले के क्रालपोरा इलाके के रहनेवाले हैं और इन्होंने सीआरपीएफ जवानों के साथ बदसलूकी तब कि जब जवान 9 अप्रैल को श्रीनगर उपचुनाव में पोलिंग ड्यूटी खत्म करके लौट रहे थे. सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इन लड़कों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
देखे वीडियो: बड़गाम: CRPF के जवानों के साथ बदसलूकी करने वालों पर FIR दर्ज
इस मामले में प्रभावी कार्रवाई के लिए सीआरपीएफ के डीजी राज्य के मुख्यमंत्री और राज्यपाल से भी मुलाकात करेंगे. इस बीच गौतम गंभीर ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है, ''हमारी सेना के जवानों को मारे एक-एक थप्पड़ के बदले 100 जिहादी मारे जाएंगे, जो भी आजादी चाहते हैं, वे यहां से चले जाएं. कश्मीर हमारा है.''
बहुत लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिरकार सीआरपीएफ के जवानों ने इन लड़कों की बदसलूकी को बरदाश्त क्यों किया? इस सवाल पर सूत्रों का कहना है कि पैलेट गन विवाद के बाद जवानों से संयम बरतने के लिए कहा गया था, यही वजह है कि सीआरपीएफ के जवान शांत रहे. 