नई दिल्ली: दक्षिण के राज्य कर्नाटक में इस साल मई-जून में विधानसभा चुनाव होने हैं. जैसे जैसे चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज होती जा रही है.
मैसूरु में बीजेपी की परिवर्तन यात्रा के समापन पर अमित शाह ने आज कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया पर तीखा हमला बोला. जवाब में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अमित शाह को जेल की याद दिला दी.
सिद्धारमैया ने ट्विटर पर लिखा, ''जेल के एक पूर्व परिंदे ने एक दूसरे पूर्व कैदी को अपनी पार्टी का सीएम उम्मीदवार घोषित किया है. क्या वो मुझ पर और मेरी सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के सबूत देंगे.''
ट्विटर के बाद अब मुख्यमंत्री ने एक कदम आगे बढ़ते हुए अमित शाह पर हमला बोला है. कर्नाटक का किला फतह करने के लिए अमित शाह और यूपी के सीएम योगी ने कमान संभाली हुई है. चार फरवरी को पीएम मोदी की भी रैली होनी है.
पांच साल से यहां कांग्रेस के कांग्रेस के सिद्धारमैया की सरकार है. 2008 में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी थी. इसके बाद भ्रष्टाचार के आरोप में येदुरप्पा बीजेपी से बाहर हुए तो कांग्रेस सत्ता में आई.
इस बार येदुरप्पा बीजेपी की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार हैं. अमित शाह सिद्धारमैया पर करप्शन के आरोप लगा रहे हैं तो येदुरप्पा के नाम को आगे कर कांग्रेस बीजेपी को घेर रही है.
