जमशेदपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएमजेएवाई) का शुभारंभ करने के कुछ ही मिनट बाद बासुरदा गांव की पूनम महतो इस योजना की पहली लाभार्थी बनी हैं. पूर्वी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल में रविवार को एक बजकर दस मिनट पर पूनम ने एक बच्ची को जन्म दिया और पीएमजेएवाई की पहली लाभार्थी बनी.
पड़ोसी सरायकेला खरसावां जिला में गमरिया थानाक्षेत्र के बासुरदा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय पूनम महतो को रविवार सुबह अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन डॉ. महेश्वर प्रसाद ने बताया कि पूनम के सारे चिकित्सा खर्च का वहन प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना योजना के तहत किया जाएगा. अस्पताल ने मरीज को भोजन, दवाइयां, डॉक्टर की सलाह, जांच समेत सभी सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई हैं.
मां और बच्ची दोनों स्वस्थ
सिविल सर्जन ने बताया कि प्रसव पर 18,500 रुपये का खर्च आया. चूंकि, बच्ची का जन्म ऑपरेशन के जरिए हुआ है, इसलिए मां और बच्ची दोनों को एक हफ्ते तक अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा. मां और बच्ची दोनों ही स्वस्थ हैं.
दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना
पीएमजेएवाई को सरकार से वित्त प्राप्त दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य देखभाल योजना बताया जा रहा है. इस योजना का लक्ष्य देशभर में 10.74 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये प्रति परिवार सलाना कवरेज मुहैया करना है. इसमें केंद्र 60 फीसदी और राज्य सरकार शेष 40 फीसदी योगदान करेंगे.
ये भी देखेंः
