चेन्नई: तमिलनाडु की सीएम जयललिता का निधन हो गया है. देश ने एक बड़ा नेता खो दिया है. 75 दिन अस्पताल में रहने के बाद जयललिता ने चेन्नई के अपोलो अस्पताल में सोमवार रात 11:30 बजे आखिरी सांस ली.

सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने मुख्यमंत्री जयललिता के निधन पर शोक प्रकट किया और उन्हें ‘‘लौह महिला’’ और ‘‘अतुलनीय प्रतिभा की धनी’’ बताया. माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर कल रात से ही #RIPAmma ‘आरआईपी अम्मा’,  #RIPJayalalithaa ‘आरआईपी जयललिता’, #Ironlady ‘आयरनलेडी’ आदि नाम से हैशटैग चल रहे थे.

एक ट्वीट में कहा गया, ‘‘यह विश्वास करना मुश्किल है कि अम्मा अब नहीं रहीं.. असली नेता.., आपको भुलाया नहीं जा सकता, आप हमेशा हमारी यादों में रहेंगी, आपकी आत्मा को शांति मिले आयरन लेडी.’’

एक फेसबुक पोस्ट में कहा गया, ‘‘आप अतुलनीय प्रतिभा की धनी और लौह महिला थीं. एक पुरष प्रधान क्षेत्र में आपने जो विरासत छोड़ी है वह लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी.’’ अन्य ट्वीट में कहा गया, ‘‘वह एक महान नेता और असली योद्धा थीं. वह सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत थीं. ’’

एक ट्वीट की बानगी इस तरह है ‘‘मां की तरह लोगों की देखभाल करने की वजह से वह देश के सभी हिस्सों, विशेषकर तमिलनाडु के लाखों लोगों के दिलों में रहेंगी. वह एक मजबूत इच्छाशक्ति वाली और साहस से भरी महिला थीं. ’’