जम्मू-कश्मीर में आतंकी मॉड्यूल को खत्म करने के लिए आर्मी की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है. जम्मू कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार (31 मार्च) रातभर जारी रही मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया. सेना ने बुधवार (1 अप्रैल) को इसकी जानकारी दी. भारतीय सुरक्षा बलों को गांदरबल जिले के अरहामा इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद मंगलवार रात से सेना की ओर से घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया था.
चिनार कोर ने एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
श्रीनगर के चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर गांदरबल के अरहामा में संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया.
सेना पर की गोलीबारी, जवाबी कार्रवाई में मारा गया आतंकी
सेना ने बताया कि सतर्क जवानों ने इस अभियान के दौरान कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधि देखी और जब उन लोगों को रुकने को कहा गया तो उन्होंने जवानों पर गोलीबारी कर दी. जिसके बाद सैन्य बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. उसने बताया कि सेना की कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया. अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद रोधी अभियान जारी है.
