नई दिल्ली: किसानों के लिए मौसम विभाग ने खुशखबरी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक इस बार सामान्य बारिश होने की संभावना है. मानसून की जो संभावना मौसम विभाग की तरफ से जताई जा रही है उससे कृषि क्षेत्र को काफी लाभ होगा.

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने घोषणा की कि इस साल देश में सामान्य मानसून होगा, जिससे कृषि क्षेत्र को लाभ होगा.  मौसम विभाग के महानिदेशक के.जे. रमेश ने कहा, 'वर्तमान अनुमान के अनुसार, इस बार सामान्य (96 प्रतिशत से पांच प्रतिशत कम ज्यादा) बारिश होगी.' उन्होंने कहा कि केरल में मानसून आने की तारीख की घोषणा मई के अंत में की जाएगी.

रमेश ने आगे कहा, ‘देश में 96 फीसदी दीर्घावधि औसत बारिश होगी.’ 96 फीसदी से 104 फीसदी के बीच दीर्घावधि बारिश को ‘सामान्य’ माना जाता है. 96 फीसदी से कम को ‘सामान्य से नीचे’ और 104से 110 फीसदी दीर्घावधि बारिश को ‘सामान्य से ज्यादा’ माना जाता है.

आईएमडी ने पिछले साल ‘सामान्य से ज्यादा’ बारिश का अनुमान जताया था लेकिन सामान्य बारिश ही हो सकी. पिछले साल दक्षिण में कम बारिश हुई थी और तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल के कई हिस्से में सूखे की स्थिति बन गई थी.