नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने आज हज यात्रा को प्रोत्साहित करने और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक तीन भाषाओं की वेबसाइट www.haj.gov.in लॉन्च की. सरकार की मंशा इस वेबसाइट के जरिए हज यात्रा आवेदन को आसान बनाने और उसमें पार्दशिता लाने की है. यह वेबसाइट हिन्‍दी, उर्दू और अंग्रेजी भाषाओं में है.

वेबसाइट लॉन्च के मौके पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, ''वेबसाइट पर हज के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा उपलब्‍ध होगी. इस वेबसाइट पर अल्‍पसंख्‍यक मामलों के मंत्रालय, हज यात्रा, हज वि‍भाग के अलावा हज से जुड़े निजी टूर ऑपरेटरों की भी जानकारी उपलब्ध होगी.''

मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया, ''हज 2017 की घोषणा की जा चुकी है, इसके लिए हज कमेटी 2 जनवरी, 2017 से आवेदन लेना शुरू करेगी. हज यात्रा के बारे में कई महत्‍वपूर्ण सुझाव मिले हैं जिन पर गौर किया जा रहा है. हज यात्रियों के लिए हाई क्वालिटी हवाई जहाज उपलब्ध कराने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय से बात कर रही है.''

आपको बता दें कि हज से जुड़े मामले पहले विदेश मंत्रालय के अंतर्गत आते थे लेकिन 1 अक्‍टूबर, 2016 से इन्हें अल्‍पसंख्‍यक मामलों के मंत्रालयों को सौंप दिया गया है.