बालेश्वर: लगभग 5000 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली भारत की अंतरमहाद्वीपीय और परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम बैलिस्टिक मिसाइल ‘अग्नि-5’ का ओडिशा के तट से सफल परीक्षण किया गया, जिसकी रेंज में पाकिस्तान और चीन है.
गौरतलब है कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) सूत्रों ने बताया था कि अग्नि-5 मिसाइल के चतुर्थ परीक्षण का रेंज समन्वय अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है. लंबी दूरी तक मार करने में सक्षम मिसाइल का यह चतुर्थ विकासात्मक और दूसरा कैनिस्टराइज्ड परीक्षण हुआ.
पहला परीक्षण 19 अप्रैल 2012 को किया गया था, जबकि दूसरा परीक्षण 15 सितंबर 2013, तीसरा परीक्षण 31 दिसंबर 2015 को इसी ठिकाने से किया गया था. स्वदेश में विकसित सतह से सतह तक मार करने में सक्षम अग्नि-5 मिसाइल 5000 किलोमीटर से अधिक दूरी तक के लक्ष्य को भेदने में सक्षम है.
यह 17 मीटर लंबा, दो मीटर चौड़ा है और इसका प्रक्षेपण भार तकरीबन 50 टन है. यह एक टन से अधिक वजन के परमाणु हथियार ढोने में सक्षम है. अग्नि सीरीज की और मिसाइलों से अलग ‘अग्नि-5’ सबसे ज्यादा आधुनिक मिसाइल है. नैविगेशन और मार्गदर्शन के मामले में इसमें कुछ नई टेक्नॉलोजी को शामिल किया गया है.
