मुंबई: महाराष्ट्र के एक निर्दलीय विधायक ने शुक्रवार को दावा किया कि अगर शिवसेना ने सत्तारूढ़ गठबंधन से नाता तोड़ने का फैसला किया तो पार्टी के कम से कम 20 विधायक बीजेपी में शामिल हो जाएंगे. ये निर्दलीय विधायक महाराष्ट्र में बीजेपी नीत सरकार के समर्थक हैं.
अमरावती जिले से निर्दलीय विधायक रवि राणा ने कहा, ‘‘अगर शिवसेना अपना समर्थन वापस लेने का फैसला करती है तो उसके 20-22 विधायक पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लेंगे. राज्य सरकार में शामिल शिवसेना के तीन से चार मंत्री भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.’’ राणा ने यहां राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से बातचीत में यह दावा भी किया कि शिवसेना के गठबंधन से हटने की स्थिति में एनसीपी, बीजेपी का साथ दे सकती है.
आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं जहां वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नारायण राणे ने गुरुवार को पार्टी छोड़ दी और उनके बीजेपी में शामिल होने की अटकलें हैं. दूसरी तरफ शिवसेना ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि वह जल्द इस बारे में फैसला करेगी कि सरकार में रहे या नहीं. राणा के दावे के बारे में पूछे जाने पर शिवसेना प्रवक्ता नीलम गोरे ने कहा कि उनकी पार्टी इस तरह के बयानों पर ध्यान नहीं देती.
