आयकर विभाग को बड़ी सफलता-मशहूर होटल ग्रुप पर डाले छापे, 1000 करोड़ रुपये के काले धन का पता लगाया
ओम प्रकाश तिवारी | 24 Jan 2020 07:05 PM (IST)
आयकर विभाग ने पिछले सप्ताह एक मशहूर होटल ग्रुप पर लगातार छापेमारी की. विभाग का दावा है कि उसे 1000 करोड़ रुपये के काले धन का पता चला है.

नई दिल्लीः काले धन को लेकर आयकर विभाग को बड़ी सफलता मिली है. आयकर विभाग ने पिछले सप्ताह एक मशहूर होटल ग्रुप पर लगातार छापेमारी की और इस छापेमारी के दौरान आयकर विभाग का दावा है कि उसे 1000 करोड़ रुपए के काले धन का पता चला है. इसके अलावा आयकर विभाग को यह पता भी चला है कि इस ग्रुप ने 35 करोड़ रुपये की आयकर चोरी भी की है. आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान इस ग्रुप से 23करोड़ रुपये की ज्वेलरी, 71 लाख रुपए नकदी और लगभग सवा करोड़ रुपए की महंगी घड़ियां बरामद हुई है. अभी तक की जांच के दौरान पता चला है कि इस ग्रुप में लंदन दुबई और अन्य स्थानों पर जमीनें खरीदी हैं. आयकर विभाग का दावा है कि दिल्ली एनसीआर के अलावा इस ग्रुप के पास पूरे देश में होटलों की एक लंबी चेन है. आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक इस ग्रुप के खिलाफ ब्लैक मनी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है मामले की जांच जारी है.