देहरादून: उत्तराखंड के ज्यादातर स्थानों पर रविवार से शुरू हुई बारिश आज भी लगातार जारी रही जिससे पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिरने से बद्रीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री धामों को जाने वाले मार्गों के अलावा कई अन्य मार्ग भी बाधित हो गये. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौडी, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर सहित प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर बारिश दर्ज की गयी.
बारिश की वजह से जगह-जगह पहाड़ों से हुए भूस्खलन से करीब 45 ग्रामीण मार्ग भी बाधित हो गये. ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग चमोली जिले में लामबगड में बाधित है जबकि ऋषिकेश-केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग रूद्रप्रयाग जिले में डोलिया देवी मंदिर पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण अवरूद्ध हो गया है. ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग उत्तरकाशी जिले में ओजरी-डाबरकोट क्षेत्र में भूस्खलन की वजह से यातायात के लिये अवरूद्ध है.
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात, अब तक दो की मौत
इन बड़े राजमार्गों के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में 45 ग्रामीण मार्ग भी अवरूद्ध हैं. इस बीच, मौसम विभाग ने उत्तराखंड में कहीं-कहीं विशेषकर देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रूद्रप्रयाग, पिथौरागढ और बागेश्वर जिलों में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है.